औरंगाबाद : औरंगाबाद के गांधी मैदान में आयोजित मिलन समारोह में बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान कई कार्यकर्ताओं और विभिन्न दलों से जुड़े लोगों ने राजद की सदस्यता ग्रहण की। इसी दौरान रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह भी अपने समर्थकों के साथ राजद में शामिल हुए।
मिलन समारोह में RJD कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में राजनीतिक गतिविधियां तेज दिखाई दीं
औरंगाबाद के गांधी मैदान में आयोजित मिलन समारोह में राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में राजनीतिक गतिविधियां तेज दिखाई दीं। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शिरकत की और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मिलन समारोह के दौरान रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने राजद की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि अब उनका राजनीतिक सफर राजद के साथ ही जारी रहेगा। उन्होंने अपने पिता के पुराने राजनीतिक संबंधों का भी जिक्र किया और कहा कि उनके पिता ने वर्ष 1990 में निर्दलीय चुनाव लड़कर लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व वाली सरकार के गठन में सहयोग किया था।
अशोक कुमार सिंह ने कहा- औरंगाबाद जिले की सभी विधानसभा सीटों पर RJD के प्रदर्शन को और मजबूत करेंगे
अशोक कुमार सिंह ने कहा कि औरंगाबाद जिले की सभी विधानसभा सीटों पर राजद के प्रदर्शन को और मजबूत करने के लिए वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी को मजबूत करने की बात कही। वहीं, तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने चुनावों में कथित 'वोट चोरी' को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में चुनाव और वोट से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों और कामकाज को लेकर भी जमकर हमला बोला। मिलन समारोह में विभिन्न दलों से जुड़े लोगों के राजद में शामिल होने को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
औरंगाबाद से रुपेश कुमार की रिपोर्ट