औरंगाबाद। नबीनगर प्रखंड अंतर्गत राजपुर पंचायत के साया गांव में स्थित हाई स्कूल राजपुर का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में फॉर्म भरने को लेकर एक छात्रा और हेडमास्टर के बीच कहासुनी का मामला दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि छात्रा ने हेडमास्टर से कहा कि फॉर्म भरने की तारीख 14 तक थी, लेकिन 11 तारीख तक ही क्यों की जा रही है। इसी बात को लेकर हेडमास्टर आग बबूला हो गए और छात्रा के साथ बदसलूकी से बात करते नजर आए।
आरोप लगाया जा रहा है कि इसी दौरान हेडमास्टर द्वारा मनमानी की गई और छात्रा के साथ कथित तौर पर बदतमीजी की गई। वीडियो में हेडमास्टर और छात्रा के बीच तीखी नोकझोंक साफ देखी जा सकती है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोग हेडमास्टर के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं तो वहीं कुछ लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि, वायरल हो रहे इस वीडियो की सत्यता और इसके पीछे की पूरी कहानी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यह वीडियो कब का है और फॉर्म भरने की तिथि को लेकर आखिर पूरा विवाद क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इस मामले को लेकर अभी तक विद्यालय प्रशासन या जिला शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
अनूप नारायण सिंह