राज्य में बेलगाम हो चुके अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। अपराधियों ने एक महिला को तब ऑटो से खींचकर गोली मार दी, जब वह एक मामले में कोर्ट में गवाही देकर लौट रही थी। घटना को बीती देर रात अंजाम दिया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के जहानाबाद-अरवल मुख्य मार्ग स्थित बाजितपुर मोड़ के समीप शुक्रवार देर रात बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान पप्पू कुमार की 28 वर्षीय पत्नी शोभा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शोभा कुमारी अपने दूसरे पति पप्पू कुमार के साथ अरवल न्यायालय में गवाही देने आई थी। न्यायालय से गवाही देकर दोनों ऑटो से जहानाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान बाजितपुर मोड़ के समीप पूर्व से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने ऑटो को रोक लिया और शोभा कुमारी को ऑटो से खींचकर गोली मार दी। गोली लगने से महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान उसका पति पप्पू कुमार बाल-बाल बच गया।
वहीं मिली खबर के अनुसार मृतका के साथ रहे पप्पू कुमार मूलरूप से चिरारी बीघा इलाके के निवासी हैं और वर्तमान में वह जहानाबाद जिले के टेनी बीघा में रहते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका का अपने पहले पति रविंद्र राम के साथ पिछले कई सालों से विवाद चल रहा था। घटना के बाद मृतका के दूसरे पति के बयान पर पूर्व पति रविंद्र राम समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही करपी थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।