ट्रक में बना रखा था डीजल चोरी का गुप्त टैंक, 3 गिरफ्तार

दूसरे वाहनों से डीजल चोरी करने के लिए शातिरों ने अपने ही ट्रक को चलता-फिरता तेल गोदाम बना रखा था। इसके लिए ट्रक में बाकायदा अलग से बड़ा टैंक तैयार कराया गया था

कोईलवर (भोजपुर) : दूसरे वाहनों से डीजल चोरी करने के लिए शातिरों ने अपने ही ट्रक को चलता-फिरता तेल गोदाम बना रखा था। इसके लिए ट्रक में बाकायदा अलग से बड़ा टैंक तैयार कराया गया था, जिसमें चोरी का डीजल जमा किया जाता था। भोजपुर के गीधा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऐसे ही एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरोह का चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

वाहन जांच अभियान के दौरान गीधा गांव के समीप यूपी नंबर के दस चक्का ट्रक को संदेह के आधार पर रोका गया

शनिवार को सदर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान गीधा गांव के समीप यूपी नंबर के दस चक्का ट्रक को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक की बनावट देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। ट्रक में डीजल जमा करने के लिए अलग से बड़ा टैंक बनाया गया था। इसके अलावा तेल निकालने के लिए कई पाइप भी रखे गए थे।

गिरोह के सदस्य सड़क किनारे खड़े ट्रक, ट्रेलर और हाइवा को निशाना बनाते थे

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य सड़क किनारे खड़े ट्रक, ट्रेलर और हाइवा को निशाना बनाते थे। पाइप के सहारे दूसरे वाहनों से डीजल निकालकर अपने ट्रक के अतिरिक्त टैंक में जमा कर लेते थे। चोरी के डीजल की खपत के साथ उसकी बिक्री भी की जाती थी। विरोध करने पर वाहन चालकों और खलासियों को हथियार व लाठी का भय दिखाकर चुप कराने का आरोप है।

फरार चालक की पहचान सराफत उर्फ भूरा के रूप में हुई है

गिरफ्तार आरोपितों में मेरठ जिले के मुंडाली थाना क्षेत्र के जीसैरा निवासी ट्रक मालिक मो. रिजवान (40), बुलंदशहर जिले के अगोता थाना क्षेत्र के अनहेड़ा निवासी सुनील कुमार उर्फ सुशील कुमार (38) और बिबीनगर थाना क्षेत्र के मंडौना निवासी सुवेंद्र सिंह (35) शामिल हैं। वहीं, फरार चालक की पहचान हापुड़ जिले के गढ़ थाना क्षेत्र के दसना शेखपुर निवासी सराफत उर्फ भूरा के रूप में हुई है।

SDPO-2 ने कहा- गिरफ्तार आरोपित अंतरराज्यीय स्तर पर डीजल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1.65 लाख रुपए नकद, एक देसी कट्टा, तीन कारतूस, तीन मोबाइल, एक बड़ी कैंची, लकड़ी के दो बट, 40 लीटर क्षमता वाले तीन गैलन और डीजल निकालने के छह पाइप बरामद किए हैं। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त 10 चक्का ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। एसडीपीओ-2 ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अंतरराज्यीय स्तर पर डीजल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क, फरार चालक और अन्य राज्यों में हुई चोरी की घटनाओं में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

आरा से दीपक कुमार की रिपोर्ट