आरा में अपराधियों का तांडव, क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष को मारी 6 गोलियां, मचा हडकंप

राज्य के आरा जिले से बड़ी खबर है। यहां अपराधियों ने सुबह-सुबह तांडव मचाया है। मिली खबर के अनुसार बेलगाम हो चुके अपराधियों ने क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी।

भोजपुर : राज्य के आरा जिले से बड़ी खबर है। यहां अपराधियों ने सुबह-सुबह तांडव मचाया है। मिली खबर के अनुसार, बेलगाम हो चुके अपराधियों ने क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को तब अंजाम दिया गया, जब रामकुमार सिंह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। भोजपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए शहर के व्यस्त इलाके में रिटायर कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। गुरुवार की सुबह जैन कॉलेज के पास हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मॉर्निंग वॉक पर निकले रामकुमार सिंह को अपराधियों ने छह से सात गोलियां मारीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

रोज की तरह टहलने निकले थे रामकुमार सिंह

जानकारी के अनुसार, रामकुमार सिंह प्रतिदिन सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकलते थे। उनका नियमित रास्ता जैन कॉलेज होते हुए रमना मैदान की ओर जाता था। गुरुवार की सुबह भी वह इसी रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान जैन कॉलेज के पास अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

रोटरी क्लब से भी जुड़े थे रिटायर अधिकारी

रामकुमार सिंह कस्टम विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद भी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे। वह रोटरी क्लब के पूर्व सचिव रह चुके थे और वर्तमान में भी क्लब के सदस्य बताए जा रहे हैं। इसके अलावा उनका जुड़ाव एक क्षत्रिय संगठन से भी बताया जाता है। उनकी हत्या से परिजनों, परिचितों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक का माहौल है।

जमीन विवाद में हत्या की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि, विवाद की प्रकृति और वारदात के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि रामकुमार सिंह का किन लोगों से जमीन को लेकर विवाद था और क्या उन्हें पहले से किसी तरह की धमकी मिली थी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे संभावित कारणों और अपराधियों के भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। शहर के प्रमुख इलाके में सुबह-सुबह हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और हत्या की वजह का खुलासा करने की चुनौती है।

SP ने कहा- सभी पहलुओं की जांच जारी

भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद हत्या की मुख्य वजह के रूप में सामने आया है। परिवार ने पहले भी अलग-अलग अधिकारियों को आवेदन दिए थे। एसपी ने कहा कि एक अन्य जमीन विवाद की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने पर उनसे पूछताछ होगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट