आरा : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहां के समीप शुक्रवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पूर्व कस्टम अधिकारी और राजपूत नेता रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर पवन यादव पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल पवन को पुलिस टीम ने धोबहां के पास घेर लिया था
पुलिस के अनुसार, रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल पवन यादव को पुलिस टीम ने धोबहां के पास घेर लिया था। इसी दौरान पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पवन यादव के पैर में गोली लग गई। घायल पवन यादव नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी का रहनेवाला बताया जा रहा है।
रामकुमार सिंह की हत्या में बाइक सवार तीन शूटर शामिल थे
बताया जाता है कि रामकुमार सिंह की हत्या में बाइक सवार तीन शूटर शामिल थे। इनमें पवन यादव मुख्य शूटर था। आरोप है कि उसने ही रामकुमार सिंह पर सबसे पहले गोली चलाई थी। पुलिस इस हत्याकांड में उसकी भूमिका को लेकर पहले से तलाश कर रही थी। पवन यादव के मुठभेड़ में घायल होने को हत्याकांड के उद्भेदन की दिशा में पुलिस की अहम कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ के आधार पर हत्याकांड में शामिल अन्य शूटरों और साजिशकर्ताओं की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
आरा से दीपक कुमार की रिपोर्ट