आरा/कोईलवर। नाबार्ड भोजपुर की ओर से राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान (NGYSC) के तहत मंगलवार को पीएनबी आरसेटी भोजपुर, कोईलवर में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके सफल प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया.
कार्यक्रम में नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक श्रीमती सुरभि ने युवाओं को नाबार्ड, बैंक और केंद्र सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पीएमईजीपी और पीएमएफएमई समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपना रोजगार शुरू कर सकते हैं और आत्मनिर्भर बन सकते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि नाबार्ड स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग को तैयार है.
वहीं, अग्रणी जिला प्रबंधक विभूति पांडेय ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने के लिए तत्पर हैं. कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग और जीविका के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी और युवाओं को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक रमेश कुमार त्रिपाठी, संकाय सदस्य प्रेम कुमार और देव कुमार, कार्यालय सहायक आशीष प्रसाद, निक्की कुमारी सहित संस्थान के अन्य कर्मी उपस्थित थे.
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट