बालू माफियाओं का टेक्निकल कारनामा, बाइक पर जीपीएस लगाकर करा रहे थे चालान, ऐसे निकलवाते थे चालान

बालू के अवैध कारोबार में राजस्व चोरी का नया और हैरान करने वाला तरीका सामने आया है. बालू माफिया अब पुलिस और खनन विभाग की निगरानी से बचने के लिए तकनीक का इस्तेमाल कर रहे थे.

कोईलवर (भोजपुर)। बालू के अवैध कारोबार में राजस्व चोरी का नया और हैरान करने वाला तरीका सामने आया है. बालू माफिया अब पुलिस और खनन विभाग की निगरानी से बचने के लिए तकनीक का इस्तेमाल कर रहे थे. ट्रैक्टर छपरा में बालू लोड कर खड़े रहते थे, जबकि उनके जीपीएस उपकरण बाइक में लगाकर पटना जिले के पुनपुन स्थित बालू घाट संख्या-03 तक भेजे जाते थे. वहां से चालान जनरेट कराने के बाद जीपीएस और चालान वापस ट्रैक्टर मालिकों तक पहुंचाया जाता था. इसी खेल का खुलासा बबुरा पुलिस की कार्रवाई में हुआ है. 

पुलिस ने 22 जीपीएस उपकरणों के साथ एक बाइक सवार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नया टोला बिशनपुरा निवासी नीरज कुमार, पिता बच्चा राय के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से जीपीएस से लैस स्प्लेंडर बाइक (BR04-AM-3793) भी जब्त की है. 

गुप्त सूचना पर सिंगला प्लांट के पास हुई गिरफ्तारी पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे संध्या गश्ती के दौरान थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बाइक पर बड़ी संख्या में जीपीएस लेकर छपरा से कोईलवर की ओर आ रहा है. इसके बाद गश्ती दल को अलर्ट कर फोरलेन पर सिंगला प्लांट के समीप वाहन जांच शुरू की गयी. शाम करीब 5:20 बजे संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गयी. 

बाइक की पिछली सीट पर रखे नीले और हरे रंग के प्लास्टिक बोरे से 13 जीपीएस मिले, जबकि सीट के नीचे और अन्य छिपे स्थानों से नौ जीपीएस बरामद किये गये. सभी 22 जीपीएस बाइक की बैटरी से कनेक्ट कर चालू हालत में रखे गये थे. पुलिस ने बाइक समेत सभी उपकरण जब्त कर लिये. इस मामले में बबुरा थाना कांड संख्या 111/26 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. 

छह महीने से चल रहा था जीपीएस के जरिए चालान का खेल पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि वह पिछले छह महीने से अधिक समय से इस काम में लगा था. उसके गांव में 100 से अधिक ट्रैक्टर हैं, जो बालू के अवैध खनन, परिवहन और बिक्री में लगे हैं. सारण के कई इलाकों में नाव के माध्यम से सोन नदी का बालू डंप किया जाता है. इसके बाद ट्रैक्टरों से बालू को विभिन्न मंडियों तक पहुंचाकर बेचा जाता है. 

पकड़े जाने से बचने और अवैध बालू को वैध दिखाने के लिए तस्करों ने जीपीएस का यह तरीका अपनाया था. ट्रैक्टर मालिक अपने वाहनों में लगे जीपीएस को निकालकर बाइक से कनेक्ट कर देते थे. इसके बाद बाइक से उसे पटना जिले के पुनपुन बालू घाट संख्या-03 तक ले जाया जाता था. वहां से संबंधित ट्रैक्टर के नाम पर चालान जनरेट कराया जाता था. फिर जीपीएस और चालान वापस लाकर ट्रैक्टर मालिक को सौंप दिया जाता था. इसके एवज में युवक को प्रति चालान 700 रुपये मिलते थे. 

कई बार फर्जी चालान का भी होता था इस्तेमाल पूछताछ में यह बात भी सामने आयी कि कई बार चालान फर्जी भी होता था. ट्रैक्टर मालिक अवैध डंपिंग स्थलों पर पहले से बालू लोड कर तैयार रखते थे. जैसे ही जीपीएस और चालान मिलता था, ट्रैक्टर बालू लेकर छपरा और मुजफ्फरपुर की मंडियों में बिक्री के लिए निकल जाते थे. इस तरीके से बालू के स्रोत और परिवहन को वैध दिखाने की कोशिश की जाती थी. 

इस संबंध में एसडीपीओ सदर-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि तकनीक का इस्तेमाल कर संगठित तरीके से राजस्व चोरी का यह हैरतअंगेज मामला सामने आया है. गिरफ्तार युवक से मिली जानकारी और जब्त जीपीएस उपकरणों के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े बालू माफियाओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.

आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट