पुलिस के इकबाल को चुनौती, थाने से महज सौ गज दूर के ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़ चोरी का प्रयास

कोईलवर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें थाने के आसपास भी पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। चोरों ने पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए थाना से महज सौ गज की दूरी पर स्थित अमर ज्वेलर्स का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया।

कोईलवर : कोईलवर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें थाने के आसपास भी पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। चोरों ने पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए थाना से महज सौ गज की दूरी पर स्थित अमर ज्वेलर्स का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया। हालांकि, दुकान के सभी ताले और चैनल गेट तोड़ने में असफल रहने के कारण चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। इससे दुकानदार को भारी नुकसान होने से बच गया।

सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान में लगाए गए छह तालों में से चार टूटे हुए थे - पीड़ित दुकानदार

इस बाबत पीड़ित दुकानदार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान में लगाए गए छह तालों में से चार टूटे हुए थे। अन्य दो तालों को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया गया था। दुकान के बाहर लगे चैनल गेट को भी उखाड़ने की कोशिश की गई थी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया था। दुकानदार के अनुसार, तीन तालों पर काटे जाने के निशान भी मिले हैं। चोर सभी ताले और चैनल गेट तोड़ने में सफल नहीं हो सके, जिस कारण दुकान के भीतर प्रवेश नहीं कर पाए और चोरी की बड़ी वारदात टल गई।

दुकानदार ने कहा- वर्ष 2021 में भी चोरों ने उनकी दुकान में सेंधमारी का प्रयास किया था

दुकानदार ने बताया कि वर्ष 2021 में भी चोरों ने उनकी दुकान में सेंधमारी का प्रयास किया था, लेकिन उस समय भी वे असफल रहे थे। हालांकि, उसी मार्केट में स्थित दूसरी ज्वेलरी दुकान से चोर लाखों रुपये के गहने उड़ा ले गए थे। वहीं, इसी थाना रोड में करीब दो साल पहले धनतेरस के दिन भी एक ज्वेलर्स दुकान से अपराधी नकदी और गहने लूटकर फरार हो गए थे।

लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना है

इधर, लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना है। उनका कहना है कि थाना रोड में ही थाने से महज कुछ गज की दूरी पर दुकानें और दुकानदार सुरक्षित नहीं हैं तो थाना क्षेत्र के दूसरे इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। दुकानदारों ने सवाल उठाया कि यह स्थिति तब है, जब इसी रोड में कोइलवर थाना, अंचल पुलिस निरीक्षक का कार्यालय, प्रखंड परिसर में डायल 112 की टीम और बीएमपी का अस्थायी बैरक भी है, जहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी रहते हैं। इसके बावजूद चोरों का इस तरह दुस्साहस करना पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

'चोरों द्वारा ज्वेलर्स दुकान का ताला तोड़ चोरी का प्रयास किया गया लेकिन वे असफल रहे'

इधर, इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल और अपर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार मंडल ने बताया कि चोरों द्वारा ज्वेलर्स दुकान का ताला तोड़ चोरी का प्रयास किया गया लेकिन वे असफल रहे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। कुछ चोरों को ट्रेस भी किया गया है। जल्द ही चोरों को धर दबोचा जाएगा।

आरा से दीपक कुमार की रिपोर्ट