आरा : गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक टेंपो से 169.2 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान टेंपो चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब में आठ पीएम व्हिस्की और आफ्टर डार्क ब्लू व्हिस्की की बोतलें शामिल हैं। गिरफ्तार चालक की पहचान पटना जिले के पोस्टल पार्क सब्जी मंडी, वार्ड नंबर-आठ निवासी विजय प्रसाद के पुत्र सुमन कुमार के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक टेंपो से अवैध अंग्रेजी शराब ले जायी जा रही है
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक टेंपो से अवैध अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए टेंपो संख्या BR01P07411 को पकड़ा। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। तलाशी के दौरान आठ पीएम व्हिस्की के 180 एमएल वाले 710 पीस और आफ्टर डार्क ब्लू व्हिस्की के 180 एमएल वाले 230 पीस मिले। इस प्रकार कुल 940 बोतलों में 169.2 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पहले भी उत्पाद अधिनियम के मामले में जा चुका है जेल
उत्पाद विभाग के अनुसार, गिरफ्तार चालक सुमन कुमार का पूर्व में भी शराब से जुड़े मामले में संलिप्तता का रिकॉर्ड रहा है। वह वर्ष 2024 में उत्पाद अधिनियम के एक मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद एक बार फिर उसके टेंपो से अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की गई है। फिलहाल गिरफ्तार चालक से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लायी जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट