राज्य के अररिया जिले से बड़ी खबर है। यहां निगरानी ने उद्योग विभाग के जीएम अनिल कुमार मंडल को ही रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। निगरानी ने यह गिरफ्तारी जीएम के आवास पर की गयी। अब निगरानी की टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। भ्रष्ट अधिकारियों पर की गयी इस कार्रवाई से पूरे जिले में हडकंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार निगरानी विभाग ने यह कार्रवाई मशीन सप्लायर कमरे आलम की शिकायत पर की। बताया जा रहा है कि जीएम के द्वारा मशीनों की सप्लाई करने के एवज में कमीशन की मांग की जा रही थी। अब तक की मिली खबर के अनुसार करीब 17 लाख रूपये की मशीन अलग अलग लोगों को सप्लाई की गयी थी। इसके एवज में उद्योग विभाग के जीएम अनिल कुमार मंडल के द्वारा पांच प्रतिशत की दर से 85 हजार रूपये की कमीशन की मांग की जा रही थी।
कमीशन मांगे जाने के बाद कमरे आलम ने निगरानी विभाग से इसकी शिकायत की। निगरानी ने शिकायत प्राप्त होने के बाद इन आरोपों का सत्यापन कराया, जिसमें जीएम के ऊपर लगे आरोप को सही पाया गया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज करते हुए डीएसपी सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया। निगरानी की टीम ने अनिल कुमार मंडल के अररिया स्थित किराये के मकान में छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान उनके आवास से 50 हजार रूपये की रिश्वत की राशि बरामद की गयी। इसके बाद निगरानी की टीम ने अनिल कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम आरोपी जीएम से पूछताछ कर रही है। इस मामले में विभागीय स्तर पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। निगरानी विभाग द्वारा की गयी इस कार्रवाई के बाद उद्योग विभाग से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।