TRAI का बड़ा फैसला : सिर्फ कॉल-SMS इस्तेमाल करने वालों को मिलेंगे ज्यादा रिचार्ज विकल्प

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने हाल ही में टेलीकॉम उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियमन 2026 जारी किया है।

बिजनेस डेस्क : टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने हाल ही में टेलीकॉम उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियमन 2026 जारी किया है। जिसके तहत मोबाइल कंपनियों को अब केवल कॉलिंग और SMS वाले (बिना डेटा) रिचार्ज विकल्प देना अनिवार्य कर दिया गया है। 

बिना डेटा वाले प्लान

अब टेलीकॉम कंपनियों (Jio, Airtel, Vi, BSNL) को ऐसे स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) पेश करने होंगे जिनमें केवल वॉयस कॉलिंग और SMS की सुविधा हो, और इंटरनेट डेटा शामिल न हो।

कम वैलिडिटी के विकल्प

30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले रिचार्ज में बिना डेटा के कॉलिंग और SMS वाले प्लान देना कंपनियों के लिए जरूरी कर दिया गया है।

मासिक रिन्यूअल

ग्राहकों को एक ऐसा विकल्प भी मिलेगा जिससे हर महीने एक तय तारीख पर रिचार्ज खुद-ब-खुद या आसानी से रिन्यू किया जा सके, जिससे बार-बार अलग तारीखों पर रिचार्ज कराने की झंझट न रहे।

लंबी अवधि के प्लान

30 दिन से अधिक वैलिडिटी वाला कम-से-कम एक वॉयस-SMS प्लान देना भी कंपनियों के लिए अनिवार्य किया गया है। उन मोबाइल उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी जो इंटरनेट डेटा का उपयोग नहीं करते हैं और उन्हें महंगे डेटा वाले प्लान जबरन नहीं खरीदने पड़ेंगे।