जदयू की बडी तैयारी, उत्तर प्रदेश चुनाव में पार्टी उतारेगी उम्मीदवार
बिहार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा है कि यदि पार्टी नेतृत्व का निर्णय होता है तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी की विभिन्न सीटों पर पार्टी उम्मीदवार उतारेगी।

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जदयू ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की शुरुआत कर दी है। बिहार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री, जदयू विधायक दल के नेता एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा है कि यदि पार्टी नेतृत्व का निर्णय होता है तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी की विभिन्न सीटों पर पार्टी के प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे। रविवार को जनपद मेरठ के खंडोली गांव में मंत्री श्री श्रवण कुमार और प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल पार्टी की एक अहम बैठक में शामिल हुए। यहां से पश्चिमी यूपी में पार्टी की सक्रियता, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर स्पष्ट राजनीतिक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने जिलाध्यक्षों के हाथ मजबूत करें और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लागू किए गए हैं। बिहार में शराबबंदी का उल्लेख करते हुए कहा कि जदयू सरकार ने सामाजिक सुधार और जनहित को प्राथमिकता देते हुए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
यूपी जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने सभी जिलाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में "एक बूथ-10 यूथ" अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए और प्रत्येक बूथ पर युवा कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार की जाए। मेरठ के जिलाध्यक्ष चौधरी रियाजुद्दीन ने प्रदेश नेतृत्व को आश्वस्त किया कि जनपद में जदयू को हर बूथ तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन जदयू मेरठ के जिलाध्यक्ष चौधरी रियाजुद्दीन ने किया। मौके पर मेरठ मंडल प्रभारी श्री कुशवाहा, प्रदेश सचिव एवं सहारनपुर मंडल प्रभारी कपिल देव जैन, युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी जयवीर सिंह, सहारनपुर के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष चौधरी मेहरबान, जिलाध्यक्ष अहसान अली सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










