पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़ी पिकअप में घुसी तेज रफ्तार एंबुलेंस, 5 लोगों की मौके पर मौत, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि लखनऊ से गाजीपुर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप से टकरा गई।

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि लखनऊ से गाजीपुर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप से टकरा गई। इस दुर्घटना में एंबुलेंस पर सवार 05 लोगों की मौत हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर प्वाइंट 53.5 बंधवा बाईपास के पास हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही एक एंबुलेंस वैन सड़क पर पहले से खड़ी एक पिकअप के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 112 कंट्रोल रूम को एक राहगीर ने यह भीषण हादसे का नजारा देख कर करीब साढ़े छह बजे सूचना दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सुबेहा थाना निरीक्षक बेचू सिंह ने बताया कि सभी पांच लोगों को वहां मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की शिनाख्त करने के बाद परिजनों को सूचना दी गई है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक एसपी विवेक तिवारी सीओ हैदरगढ़ समीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। हैदरगढ़ कोतवाल अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शव की पहचान के बाद उनके परिवारजन को सूचित कर दिया गया है।
मृतकों में जय सिंह पुत्र हरिओक निवासी अलवर, राजस्थान, अमीनूर हक पुत्र अब्दुल हुसैन निवासी कूचबिहार, पं. बंगाल, रूपिक पुत्र अब्दुल रहमान निवासी पं. बंगाल, मकबूल पुत्र शुभान निवासी जयपुर राजस्थान और ड्राइवर आलम के तौर पर हुई है।
हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि यह हादसा कैसे हुआ, एम्बुलेंस पिकअप में कैसे जा भिड़ी? इसकी जांच की जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लिया है।मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।














