मोनू-सोनू की गिरफ्तारी पर कोर्ट ने लगाई रोक, इस मामले में मिली राहत

मोनू-सोनू की गिरफ्तारी पर कोर्ट ने लगाई रोक, इस मामले में मिली राहत

 मोनू-सोनू की गिरफ्तारी पर कोर्ट ने लगाई रोक, इस मामले में मिली राहत
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jun 20, 2026, 12:38:00 PM

झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में आरोपी मोनू कुमार और सोनू शर्मा को फिलहाल अदालत से राहत मिली है। दोनों की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत ने उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की पीड़क कार्रवाई पर लगी रोक को फिलहाल जारी रखने का आदेश दिया है। सुनवाई के दौरान दोनों आरोपी अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए।

अदालत में दायर याचिका में दोनों भाइयों की ओर से बताया गया कि उनके पिता का हाल ही में निधन हो गया है। इसी आधार पर उन्होंने गिरफ्तारी जैसी कठोर कार्रवाई पर अस्थायी रोक लगाने का अनुरोध किया था, जिसे अदालत ने फिलहाल बरकरार रखा है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, मोनू कुमार और सोनू शर्मा पर अंतरराज्यीय पेपर लीक नेटवर्क और सॉल्वर गिरोह से जुड़े होने का आरोप है। इस पूरे मामले में अब तक 160 से अधिक अभ्यर्थियों को अदालत से जमानत मिल चुकी है। हालांकि, गिरोह से जुड़े छह प्रमुख आरोपियों को राहत देने से अदालत पहले ही इनकार कर चुकी है।

यह मामला 11 अप्रैल को सामने आया था, जब पुलिस ने रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र स्थित रड़गांव में छापेमारी कर 166 लोगों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि वहां अभ्यर्थियों को कथित तौर पर परीक्षा के प्रश्न और उनके उत्तर याद कराए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के कथित सरगना अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद सहित कई एजेंट इस गतिविधि में शामिल थे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक अर्धनिर्मित भवन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा हुआ है। सूचना के आधार पर गठित विशेष छापेमारी दल ने देर रात कार्रवाई की। मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर 166 लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद जांच के दौरान इस मामले में कई अन्य गिरफ्तारियां भी की गईं।

इस पूरे प्रकरण में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।