राजधानी रांची के कोकर स्थित खोरहाटोली इलाके से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हुई डेढ़ साल की बच्ची अदिति पांडेय का मंगलवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका। बच्ची के लापता होने के चार दिन बाद भी परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि पुलिस, एनडीआरएफ और नगर निगम की टीमें संयुक्त रूप से तलाश अभियान चला रही हैं।
मंगलवार सुबह से एनडीआरएफ की टीम ने इलाके के नाले और उससे जुड़े हिस्सों में फिर से व्यापक खोज अभियान शुरू किया। इससे पहले सोमवार को भी टीम ने करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नामकुम पुल तक सर्च ऑपरेशन चलाया था। गहरे पानी और संकरे हिस्सों में उतरकर भी जांच की गई, लेकिन अब तक बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया है।
मामले की निगरानी रांची सिटी एसपी पारस राणा खुद कर रहे हैं। पुलिस ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। अधिकारियों के अनुसार, उपलब्ध फुटेज में बच्ची घर से बाहर निकलती दिखाई नहीं दे रही है। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे अदिति अपने परिवार के साथ घर के भीतर जाती नजर आई थी, लेकिन उसके बाद की स्थिति अब भी रहस्य बनी हुई है।
पुलिस ने उन बच्चों से भी पूछताछ की है जो अदिति के साथ खेल रहे थे। बच्चों ने बताया कि कुछ देर खेलने के बाद अदिति अपने घर चली गई थी और फिर वे भी अपने-अपने घर लौट गए। इसके बाद से बच्ची किसी को दिखाई नहीं दी। मोहल्ले से बाहर जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की भी जांच की गई, लेकिन किसी फुटेज में बच्ची बाहर जाती नजर नहीं आई।
इस बीच, घटना का फायदा उठाकर साइबर अपराधियों ने परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया। परिजनों को फोन कर कुछ लोगों ने बच्ची के बारे में जानकारी होने का दावा किया और उसे सुरक्षित वापस लाने के नाम पर पैसे मांगे। जानकारी के अनुसार, बच्ची की मां अंकिता पांडेय ने झांसे में आकर ऑनलाइन चार हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद भी लगातार फोन कर अधिक रकम की मांग की जाती रही। पुलिस को जानकारी मिलने पर परिवार को सतर्क किया गया और आगे किसी भी प्रकार का भुगतान करने से रोका गया। अब साइबर ठगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
अदिति के गायब होने के बाद पूरे इलाके में भय और बेचैनी का माहौल है। स्थानीय लोग भी पुलिस के साथ मिलकर बच्ची की तलाश में जुटे हैं। आसपास के मोहल्लों में पूछताछ की जा रही है और हर छोटी सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है।
चार दिनों से बेटी के लापता होने के कारण परिवार की स्थिति बेहद खराब है। घर के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है और हर कोई बच्ची के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।
इधर, रांची एसएसपी राकेश रंजन ने अदिति का सुराग देने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बच्ची के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत संपर्क करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
संपर्क नंबर: