झारखंड के पलामू जिले में एक पारिवारिक समारोह उस समय अफरातफरी में बदल गया, जब हर्ष फायरिंग की घटना में दो लोग घायल हो गए। मामला हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ गांव का है, जहां तिलक कार्यक्रम के दौरान चली गोली से एक पंडित और एक अन्य व्यक्ति जख्मी हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए हरिहरगंज पूर्वी के पूर्व मुखिया सरोज मेहता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके लाइसेंसी हथियार को भी अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार के अनुसार, राहुल रजक के घर आयोजित तिलक समारोह में यह घटना घटी। कार्यक्रम के दौरान ही सरोज मेहता ने कथित तौर पर अपने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। गोली लगने से पूजा करा रहे पंडित के पैर में चोट आई, जबकि सिल्दा गांव निवासी जागेश्वर बैठ को पीठ में गोली लगी।
बताया जा रहा है कि इस समारोह में नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर से भी कई लोग शामिल होने आए थे। अचानक हुई इस घटना ने उत्सव का माहौल बिगाड़ दिया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के हथियार के लाइसेंस को रद्द करने की सिफारिश की जाएगी। साथ ही, पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।