700 मॉडल स्कूलों में अब हर सप्ताह यूनिट टेस्ट, शनिवार को मिलेगा रिजल्ट
बिहार में बच्चों के सर्वागीण विकास के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने एक और बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है। जिसके तहत अब मॉडल स्कूलों में प्रत्येक सप्ताह मंगलवार को अलग-अलग विषय का युनिट टेस्ट लिया जायेगा।

पटना: बिहार में बच्चों के सर्वागीण विकास के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने एक और बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है। जिसके तहत अब मॉडल स्कूलों में प्रत्येक सप्ताह मंगलवार को अलग-अलग विषय का युनिट टेस्ट लिया जायेगा एवं शिक्षक युनिट टेस्ट का मुल्यांकन कर प्रत्येक सप्ताह शनिवार के दिन परिणाम उपलब्ध भी करा देंगे।
विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार मॉडल स्कूलों के लिए विद्यालयों में खेल कैलेंडर का अनुपालन करना भी अनिवार्य कर दिया गया है। मुख्यमंत्री का संकल्प सात निश्चय-3 उन्नत शिक्षा-उज्जवल भविष्य के तहत राज्य में खोले गये 700 मॉडल स्कूल यानि सरस्वती विद्या निकेतन में इच्छुक छात्रों को जेईई व नीट की निःशुल्क तैयारी करवाई जा रही है। इसके अलावा ई-शिक्षाकोष पर सरस्वती विद्या निकेतन यानि आदर्श विद्यालय द्वारा प्रत्येक दिन रिपोर्टिंग की जा रही है। जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से बेहतर सीखने का वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। ताकि बच्चों का श्रेष्ठ विधाओं के साथ हाईटेक शिक्षा के जरिये उज्जवल भविष्य के निर्माण संभव हो।
शिक्षा विभाग ने छात्रों के फिजिकल व मेंटल विकास के लिए परीक्षा महावार-खेल कैलेंडर का अनुपालन भी अनिवार्य कर दिया गया है। जिसके निरंतर पालन के लिए विद्यालय-वार पदाधिकारियों को नामित कर निरीक्षण करने का आदेश दिया गया है। विद्यालयों में अनुशासन का पूरी तरह से पालन करने के लिए कक्षा मॉनिटर बनाए जायेंगे। बता दें कि विद्यालय-वार खेल व एथलिट क्लब का निर्माण किया जायेगा। विद्यालय में स्थापित खेल क्लब द्वारा अलग-अलग खेल विधाओं का आयोजन करने की योजना बनायी जा रही है। राज्य के सभी सरस्वती विद्या निकेतन के प्रधानध्यापकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही लौंग जंप, हाई जंप व अन्य खेलों का प्रशिक्षण भी दिया जायेगा।
मॉडल स्कूलों में बच्चों के साथ-साथ उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को भी टीचर ऑफ द मंथ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जिसके लिए ई-शिक्षाकोष पर सरस्वती विद्या निकेतन द्वारा प्रत्येक दिन रिपोटिंग की जा रही है। मुख्यमंत्री के द्वारा लगातार शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से विकास किया जा रहा है। अब बिहार में बच्चों के बेहतर शिक्षा व सर्वांगीण विकास के लिए अन्य राज्यों में जाने की जरूरत नहीं है।










