सरकारी ठेकेदार को मारी गोली, इलाके में मचा हड़कंप
सहरसा में सरकारी भवन निर्माण ठेकेदार को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घटना शहर के पशुपालन कॉलोनी की है, जहां शनिवार शाम 54 वर्षीय दिनेश प्रसाद यादव को गोली मारी गई।

सहरसा में सरकारी भवन निर्माण ठेकेदार को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घटना शहर के पशुपालन कॉलोनी की है, जहां शनिवार शाम 54 वर्षीय दिनेश प्रसाद यादव को गोली मारी गई। गोली उनके दाहिने हाथ के बाजू में लगी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। घायल के बेटे हरितेश कुमार ने आरोप लगाया कि उत्पाद विभाग को अवैध शराब के कारोबार की सूचना देने के शक में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े रोशन कुमार और उसके साथियों ने विवाद किया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दिनेश प्रसाद यादव पर गोली चला दी गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट











