बिहार: अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, कई दुकानें ध्वस्त
मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना रोड स्थित पीएचईडी विभाग के सामने प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे एवं सरकारी भूमि पर वर्षों से संचालित कथित अवैध दुकानों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया है।

मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना रोड स्थित पीएचईडी विभाग के सामने प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे एवं सरकारी भूमि पर वर्षों से संचालित कथित अवैध दुकानों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया है। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सिंहेश्वर थाना की पुलिस समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
बुलडोजर चलते ही कई दुकानदारों की आंखों के सामने उनकी दुकानें मलबे में तब्दील हो गईं। जिन दुकानों से उनका परिवार चलता था, वे कुछ ही मिनटों में ध्वस्त हो गईं। सावन मेले के दौरान अच्छी कमाई की उम्मीद लगाए बैठे दुकानदारों के लिए यह कार्रवाई बड़ा झटका साबित हुई।
हालांकि नगर पंचायत कर्मी आशीष कुमार ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी है, जिस पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर दुकानें संचालित की जा रही थीं। अतिक्रमणकारियों को पहले भी कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद बाध्य होकर विभाग को बुलडोजर की कार्रवाई करनी पड़ी है।
मधेपुरा से रविकांत कुमार की रिपोर्ट













