सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, 215 बटालियन में शहीदों को श्रद्धांजलि
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर शनिवार को 215 बटालियन, भवन कार्यालय, पुलिस लाइन मलयपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मलयपुर: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर शनिवार को 215 बटालियन, भवन कार्यालय, पुलिस लाइन मलयपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर से हुई। विशेष गार्ड द्वारा 215 बटालियन के कमांडेंट श्री गोद कोहली को गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। इसके बाद देश के वीर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पुष्प चक्र अर्पित किया गया और उनके बलिदान को नमन किया गया।
इस अवसर पर एक विशेष सैनिक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कमांडेंट श्री गोद कोहली ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने अनुशासन, निष्ठा एवं कर्तव्य का पालन करने का आह्वान किया।
कमांडेंट ने स्थापना दिवस के मौके पर सभी अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों को बधाई दी और बल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बल की कल्याणकारी योजनाओं से भी जवानों को अवगत कराया।
कमांडेंट ने कहा "अपने 88 वर्षों के इतिहास में सीआरपीएफ ने जो शौर्य और सफलता हासिल की है, वह अविस्मरणीय है। देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में बल के सैकड़ों अधिकारियों एवं जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं जवानों के लिए "बड़ा खाना" का आयोजन किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस मौके पर द्वितीय कमांडेंट श्री रमेश धकार, उप कमांडेंट श्री राजकुमार ठाकुर, सुरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान मौजूद थे।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट











