मानव तस्करी से जुड़े मामले में गोपालगंज में NIA का छापा, 7 घंटे तक खंगाले गए दस्तावेज
गोपालगंज। जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित तुरकहां गांव में तड़के राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA की अचानक हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया। एनआईए की टीम ने तड़के करीब 4:30 बजे गांव के निवासी नुरुल होदा के दो मंजिला मकान पर दस्तक दी।

गोपालगंज। जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित तुरकहां गांव में तड़के राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA की अचानक हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया। गुजरात के अहमदाबाद से आई एनआईए की टीम ने तड़के करीब 4:30 बजे गांव के निवासी नुरुल होदा के दो मंजिला मकान पर दस्तक दी और लगातार 7 घंटे तक गहन जांच-पड़ताल की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और 7 घंटे की छानबीन
सुबह साढ़े चार बजे पहुंची टीम ने नुरुल होदा के मकान को चारों तरफ से घेर लिया और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक लगा दी। सुबह 4:30 बजे से शुरू हुई यह कार्रवाई दोपहर 11:30 बजे तक जारी रही। इस दौरान एनआईए के अधिकारियों ने घर के सदस्यों से पूछताछ की और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला।
मानव तस्करी से तार जुड़ने की आशंका
स्थानीय सूत्रों और चर्चाओं के अनुसार, एनआईए की यह कार्रवाई मानव तस्करी से जुड़े एक गंभीर मामले की शिकायत के बाद की गई है। हालांकि अहमदाबाद से पहुंची जांच टीम या स्थानीय पुलिस अधिकारियों की ओर से कार्रवाई के वास्तविक कारणों और मिले सबूतों के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। दिनभर चले इस हाई-प्रोफाइल छापे के बाद से पूरे तुरकहां क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं और स्थानीय लोग आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट











