अपनों ने ही दिया धोखा! अंडा कारोबारी के चालक से लूटकांड में लाइनर समेत 6 गिरफ्तार, चाकू व नगदी बरामद
गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर ओवरब्रिज के पास अंडा व्यवसायी के चालक से चाकू दिखाकर हुई लूट की वारदात का गोपालगंज पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है।

गोपालगंज : गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर ओवरब्रिज के पास अंडा व्यवसायी के चालक से चाकू दिखाकर हुई लूट की वारदात का गोपालगंज पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लाइनर कर्मचारी सहित कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से लुटे गए 67 हजार रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।
वफादार कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस अनुसंधान में इस मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सदर एसडीपीओ-2 ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी कि अंडा व्यवसायी के यहाँ कार्यरत कर्मचारी मंजीत कुमार ही इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड था। व्यवसायी के नकद पैसों के आवागमन की पूरी जानकारी मंजीत के पास रहती थी। उसने अपने ममेरे भाई विशाल कुमार के जरिए अन्य अपराधियों से संपर्क किया और लूट की पूरी पटकथा तैयार की।
बकरी के एक्सीडेंट का नाटक रचकर की लूट
योजना के मुताबिक, बीते 21 सितंबर 2026 को मोहम्मदपुर ओवरब्रिज के पास सर्विस लेन में अपराधियों ने चालक को बकरी के दुर्घटनाग्रस्त होने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई। जैसे ही चालक नीचे उतरा, अपराधियों ने गाड़ी की चाबी छीन ली और चाकू दिखाकर पैसे लूटकर पगडंडी के रास्ते फरार हो गए।
SP के निर्देश पर बनी थी SIT
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने एसडीपीओ (सदर-2), महम्मदपुर अंचल निरीक्षक, महम्मदपुर व सिधवलिया थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्तों में सिधवलिया थाना क्षेत्र के बलीछापर गांव निवासी पपन राय के पुत्र सोनू कुमार, मंजीत कुमार और मोनू कुमार तथा महम्मदपुर थाना क्षेत्र के विशाल कुमार, सचिन कुमार पटेल व अनुज कुमार उर्फ सौरभ कुमार शामिल हैं। एसडीपीओ-2 के अनुसार, गिरफ्तार सभी अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और शेष राशि की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट










