बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बुलडोजर एक्शन चर्चा में है। उन्होंने भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी ही और कहा है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के घर गिराए जाएंगे। इसी कड़ी में राजधानी पटना में भी अवैध इमारतों को तोड़ा जा रहा है। पटना नगर निगम ने कई इमारतों को चिह्नित कर उन्हें तोड़ने का आदेश जारी किया है।
दरअसल पटना में अवैध इमारतों पर बुलडोजर चल रहा है। प्रशासन की ओर से उन इमारतों को तोड़ा जा रहा है, जो या तो सरकारी जमीन पर बनी हैं या बिना नक्शे के निर्माण किया गया है। इसी कड़ी में पटना के जुजरा इलाके में कई मकानों को चिह्नित किया गया है। प्रशासन की ओर से इन मकानों पर लाल निशान लगा दिया गया है और नोटिस जारी कर 30 दिनों के भीतर खाली करने का आदेश दिया गया है। कई इमारतों के ऊपरी हिस्सों को भी तोड़े जाने की तैयारी है।
इस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से इस जमीन पर रह रहे हैं और उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से घर बनाया है। साथ ही उनका दावा है कि वे जमीन खरीदकर मकान बनाए हैं और नियमित रूप से टैक्स और अन्य शुल्क भी जमा करते रहे हैं।
हालांकि यह मामला पटना हाईकोर्ट पहुंच चुका है और प्रभावित परिवारों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। अब सबकी नजर कोर्ट के फैसले पर टिकी है। उनका घर टूटेगा या बचेगा। फ़िलहाल तो सीएम सम्राट के बुलडोजर एक्शन की खूब चर्चा है। भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के साथ ही आम लोगों की भी टेंशन बढ़ी हुई है।