बिहार की राजधानी पटना में लापरवाह अफसरों पर बड़ा एक्शन हुआ है। बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत मामलों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। पटना डीएम त्यागराजन एसएम ने 126 अधिकारियों पर जुर्माना लगाया है। साथ ही 25 अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी है।
पटना डीएम त्यागराजन एसएम ने बताया कि 126 मामलों में लापरवाही पाए जाने पर कुल 3 लाख 47 हजार 800 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। इसके साथ ही 25 अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
लोक शिकायत निवारण एवं आरटीपीएस मामलों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा- अब तक 2 लाख 92 हजार 900 रुपये की राशि जमा कराई जा चुकी है, जबकि शेष राशि शीघ्र जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय पर राशि जमा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के वेतन से कटौती की जाएगी।
डीएम ने कहा कि जिन अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है, उनकी जवाबदेही तय कर आवश्यक कठोर कदम उठाए जाएंगे। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का केवल निपटारा ही नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान पटना डीएम ने बताया कि पिछले सप्ताह जिले में 165 शिकायतें प्राप्त हुईं, जबकि 218 मामलों का निष्पादन किया गया। उन्होंने कहा कि सभी मामले निर्धारित 60 कार्य दिवस की समय सीमा के भीतर निष्पादित किए जा रहे हैं और कोई भी आवेदन लंबित नहीं है। प्रथम अपील के 12,200 मामलों में 11,934 का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों का निपटारा जारी है। द्वितीय अपील के 4,683 मामलों में 4,512 का निष्पादन हो चुका है।