पूर्व विधायक गोपाल मंडल का बेटा दो दिनों से लापता, मोबाइल भी बंद, परिवार ने मांगी मदद

बिहार के गोपालपुर के पूर्व विधायक गोपाल मंडल का बेटा दो दिन से लापता है। पूर्व विधायक के बड़े बेटे तरुण कुमार नीरज सोमवार दोपहर से हाउसिंग कॉलोनी स्थित अपने निजी निवास से लापता हैं।

पूर्व विधायक गोपाल मंडल का बेटा दो दिनों से लापता, मोबाइल भी बंद, परिवार ने मांगी मदद
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: May 20, 2026, 11:08:00 AM

बिहार के गोपालपुर के पूर्व विधायक गोपाल मंडल का बेटा दो दिन से लापता है। पूर्व विधायक के बड़े बेटे तरुण कुमार नीरज सोमवार दोपहर से हाउसिंग कॉलोनी स्थित अपने निजी निवास से लापता हैं। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। इसको लेकर पूर्व विधायक ने बरारी थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया है। पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी है। 

पूर्व विधायक गोपाल मंडल के पुत्र तरुण कुमार नीरज सोमवार से लापता हैं। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। परिवार काफी परेशान है और लोगों से मदद की अपील कर रहा है।

बताया गया कि तरुण कुमार नीरज 18 मई को दोपहर करीब 2:18 बजे न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बरारी स्थित आवास से निकले थे। उस समय उन्होंने व्हाइट-ब्लैक शर्ट एवं ट्राउजर पहन रखा था। गले में हेडफोन तथा कंधे पर साइड बैग था। परिजनों के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे के बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद से परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका।

परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से मदद मांगनी शुरू की। परिजनों ने एक वीडियो जारी कर आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी को भी तरुण कुमार नीरज के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत मोबाइल नंबर 9304916998 पर सूचना दें। परिवार और रिश्तेदार लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।  

वहीं बरारी के थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पूर्व विधायक के पुत्र के लापता होने का आवेदन मिला है। मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। केस के अनुसंधानकर्ता को घर पर भी भेजा गया है। परिजनों व समर्थकों ने लापता होने की जानकारी सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है। नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी एंगल पर जांच की जाएगी।