Bihar Weather: बिहार में कहीं भारी बारिश की आफत तो कहीं भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में उठेगा बवंडर

बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले दो दिनों से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। कई जिलों में वर्षा, वज्रपात और ओलावृष्टि भी हुई है।

Bihar Weather: बिहार में कहीं भारी बारिश की आफत तो कहीं भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में उठेगा बवंडर
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: Apr 27, 2026, 10:35:00 AM

बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले दो दिनों से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। कई जिलों में वर्षा, वज्रपात और  ओलावृष्टि भी हुई है। दक्षिण और मध्य बिहार भीषण लू की तपिश में झुलस रहा है। दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी है।

एक तरफ उत्तर बिहार के अधिकांश जिले आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की मार झेल रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण और मध्य बिहार के जिलों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। सोमवार को मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के 13 जिलों के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने उत्तरी बिहार के 13 जिलों के लिए हल्की या मध्यम स्तर की वर्षा के साथ तेज हवा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घण्टा चलने की चेतावनी दी है। मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में धूल भरी आंधी और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा, ओलावृष्टि के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी प्रबल संभावना है। भारी बारिश आफत लेकर भी आयी है। किशनगंज में भारी बारिश और तेज हवा से एक की मौत हुई है तो कटिहार में बज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई है।  

वहीं दक्षिणी बिहार सहित राज्य के 25 जिलों में गर्मी का कहर जारी रहेगा। लेकिन तेज हवा से पटना सहित कई जिलों  में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। रविवार को रोहतास जिले का डेहरी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गया, बक्सर, कैमूर, औरंगाबाद और शेखपुरा जैसे जिलों में तापमान लगातार 40 से 43 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 48 घंटों तक इन जिलों में उमस और लू से कोई राहत नहीं मिलेगी। 

बता दें कि  मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटे में देश के कई राज्यों का मौसम तेजी से बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। हवा का रुख बदल रहा है और नमी बढ़ रही है। इससे आंधी, बारिश और तूफान का दौर शुरू होगा। 27 अप्रैल की शाम से ही असर दिखना शुरू होगा। 28 से 30 अप्रैल के बीच इसका प्रभाव और बढ़ेगा। कई राज्यों में तेज गर्जना, बिजली और ओलावृष्टि की भी संभावना है।