बिहार में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। बीते कुछ दिनों से कई जिलों में आंधी-बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है। बुधवार को आई आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई। हालांकि तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि ने कई इलाकों में भारी नुकसान भी पहुंचाया। बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ घंटों के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अरवल, औरंगाबाद, बेगुसराय, भोजपुर, बक्सर, गया, जहानाबाद, जमुई, लखीसराय, नालंदा, नवादा, पटना, रोहतास, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा और वैशाली जिलों में तेज आंधी, बिजली, ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 2-3 घंटों में तेज हवा (हवा की गति 40-70 किमी प्रति घंटे) के साथ बारिश होने की संभावना है। इस चेतावनी में प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और घर के अंदर ही रहें।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार, तीन मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-पानी, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। अगले 24 घंटों में दक्षिणी बिहार के कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश से मौसम सामान्य बना रहेगा। वहीं उत्तर बिहार के 18 जिलों में तेज हवा के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बता दें कि बुधवार की शाम मौसम का मिजाज बदला और पूरे पटना में बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चली जिससे जनजीवन व्यस्त हो गया। आंधी और पानी ने विमान की रफ्तार को भी रोक दिया। वहीं पटना मौसम विज्ञान केंद्र से जारी ताजा अपडेट के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है, इसके बाद अगले 48 घंटों में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का पूर्वानुमान है।