बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अनंत सिंह पर अब हथियारों के साथ अश्लील गानों पर डांस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। गोपालगंज जिले में उनपर और उसके समर्थकों पर केस दर्ज किया गया है। एक निजी समारोह में उनके स्वागत के दौरान समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने और बार बालाओं के मुजरे का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
दरअसल अनंत सिंह गोपालगंज में एक जनेऊ समारोह में पहुंचे थे, जहां मीरगंज थाना इलाके के सेमरा गांव में महफिल सजी, मुजरा हुआ। डांसर पर जमकर नोट लुटाए गए। बंदूकें भी लहराई गईं। अब एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर मीरगंज थाने में केस दर्ज किया गया है। विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह समेत कुल 9 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी है।
गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने बताया कि अश्लील नृत्य और हथियार प्रदर्शन के वायरल वीडियो मामले में अनंत सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि 2 और 3 मई को सेमराव गांव में गड्डू राय के आवास पर आयोजित उपनयन संस्कार कार्यक्रम में कुछ लोगों द्वारा अवैध व लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान अश्लील नृत्य कराया गया था, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। जांच में वीडियो सच साबित हुआ, जिसके बाद मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चिह्नित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय मीडिया में खबर चलने पर गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया और हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता को जांच का निर्देश दिया। जांच के बाद पुलिस ने मीरगंज थाने में एफआईआर दर्ज की। एफआईआर में आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और विधायक अनंत सिंह को नामजद किया गया है।
इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में अवैध, प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिससे इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश हुई। साथ ही, अश्लील नृत्य का आयोजन कर उसका सार्वजनिक प्रसारण भी किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें अवैध हथियार प्रदर्शन, सार्वजनिक शांति भंग करने, अश्लीलता फैलाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने जैसे आरोप शामिल हैं।
बताते चलें कि बाहुबली विधायक अनंत सिंह गोपालगंज में हथुआ प्रखंड के सेमराव गांव में एक मुखिया के घर आयोजित उपनयन संस्कार (जनेऊ) कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जहां रात को निजी समारोह में ‘मुजरा’ का आयोजन हुआ। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक समर्थकों के साथ बैठकर मुजरा देख रहे हैं और उनके समर्थक खुलेआम हथियार लहराते हुए नोट लुटा रहे हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नर्तकियां डांस कर रही हैं और सामने बैठे विधायक मुस्कुराते हुए तालियां बजा रहे हैं। इसी दौरान पीछे खड़े उनके कुछ समर्थक फिल्मी गानों पर हाथों में रायफल और कट्टे लहराते हुए भी नजर आ रहे हैं।