बिहार में अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन जारी है और अपराधियों का लगातार एनकाउंटर भी किया जा रहा है। इसी बीच सीएम सम्राट चौधरी ने एक बार फिर अपराधियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि गोली चलाओगे तो गोली खाओगे। राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित बिहार अग्निशमन सेवा के विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि पुलिस को अब कार्रवाई के लिए खुली छूट दे दी गई है।
गांधी मैदान में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को सीधे चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार पुलिस को अब कार्रवाई के लिए खुली छूट दी गई है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अगर अपराधी गोली चलाएंगे तो उन्हें जवाब में कार्रवाई भी झेलनी पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस पर आधारित है, जिसमें भ्रष्टाचार और अपराध दोनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार अब तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और पिछली व्यवस्थागत कमियों को दूर किया जा रहा है।
वहीं इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने राज्यवासियों को बड़ी सौगात दी है। गांधी मैदान में सीएम सम्राट चौधरी ने 80 वाहनों को हरी झंडी दिखाई है, जिसमें 36 स्कॉर्पियो भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस दौरान अग्निशमन नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन किया। यह कंट्रोल रूम एआई तकनीक से लैस है। सीएम के साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव भी मौजूद थे।
सरकार की ओर से दी गई इन नई गाड़ियों में आधुनिक हाइड्रोलिक फायर टेंडर भी शामिल हैं, जो ऊंची इमारतों और कठिन स्थानों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद करेंगी। अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों से आग लगने की घटनाओं में राहत और बचाव कार्य पहले से अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगा।