उत्तर प्रदेश के शामली से बडी खबर है। अपने सुपरहित सॉन्ग 'कोर्ट में मारेंगे गोली' से अपनी पहचान बनाने वाले हरियाणवी सिंगर अंकित बल्यान की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। अंकित को तब गोली मारी गयी, जब वह जिम से बाहर निकल रहे थे। बदमाशों ने अंकित के ऊपर करीब 20 राउंड फायरिंग की। सरेआम घटी इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी।
मिली खबर के अनुसार अंकित बालियान को तब गोली मारी गई, जब वह बुधवार की शाम सात बजे के करीब जिम से वर्कआउट करके बाहर निकले थे। बताया जा रहा है कि बदमाश पहले से घात लगाए हुए थे और जैसे ही अंकित जिम से बाहर निकले, उनके ऊपर अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार चार बदमाशों ने अंकित के ऊपर लगभग 20 राउंड फायरिंग की। अंकित के सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि अंकित हर रोज उस जिम में वर्कआउट करने के लिए आते थे। बुधवार को जिम से निकल करके वह जिम के बाहर खड़ी अपनी गाड़ी में बैठने ही वाले थे। इसी दौरान उनके ऊपर हमला किया गया। हत्या के बाद अंकित के आक्रोशित परिजनों ने शामली चौराहे पर उनके शव को रख कर जाम लगा दिया। उनकी मांग भी कि अंकित के हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। अंकित मूलरूप से शामली जिले के बंटीखेडा गांव के रहने वाले थ। पिछले कुछ वक्त से अंकित हरियाण के रोहतक और सोनीपत में रहकर अपने करियर को आगे बढा रहे थे।
वहीं घटना के बाद स्थानीय पुलिस जांच में जुट गयी है। अभी तक अंकित की हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आए हैं लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि किसी पुरानी साजिश या गैंगवार के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस से सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।