उत्तर प्रदेश के मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला कारागार इन दिनों चर्चा में है। यहां अपने ही पतियों की हत्या के आरोप में पांच महिलाएं बंद हैं। अपने-अपने प्रेमियों के साथ मिलकर साजिश रचने वाली इन पत्नियों में किसी ने पति के शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट से पैक कर दिए, तो किसी ने सांप से कटवाकर मार डाला। अपने पतियों की हत्या करने वाली पांच आरोपी पत्नियों को जेल प्रशासन ने बैरक नंबर 12 ए और 12 बी में रखा है, जहां वे अब अपने काम और पछतावे के साथ वक्त गुजार रही हैं। ये सभी हत्या की आरोपी महिलाएं इस समय मेरठ जेल में बंद हैं और कानूनी प्रक्रियाओं का सामना कर रही हैं।
सांप से कटवाकर पति की हत्या
हाल ही में दामिनी नाम की महिला ने सांप से कटवाकर पति की हत्या कर दी थी। किड्स प्ले स्कूल चलाने वाली दामिनी ने प्रेमी तुषार और साथियों संग साजिश करके पति अतुल की हत्या कर दी। उसने पति को पहले नींद की गोलियां दीं और फिर जहरीले सांप से डसवा दिया। 18 जुलाई 2026 को जेल पहुंची दामिनी पढ़ी-लिखी होने के कारण उसने लाइब्रेरी में काम करने की इच्छा जताई, जिसके बाद उसे जेल की लाइब्रेरी में काम दिया गया है।
नीले ड्रम वाली मुस्कान
ब्रह्मपुरी क्षेत्र की मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर मार्च 2025 में पति सौरव राजपूत की हत्या कर शव को नीले ड्रम में सीमेंट से सील कर दिया था। यह सबसे चर्चित मामला रहा था। लगभग 17 महीने से बैरक 12 बी में बंद मुस्कान ने नवंबर 2025 में एक बेटी को जन्म दिया, मुस्कान धार्मिक कार्यों में हिस्सा लेती है और रामायण-सुंदरकांड सुनती है।
बीएसएफ जवान पति की हत्या करने वाली कोमल
धनपुर गांव की कोमल ने मार्च 2026 में अपने प्रेमी गुलशन के साथ मिलकर बीएसएफ जवान पति नैन सिंह की गोली मारकर हत्या करा दी थी। अप्रैल 2026 में बैरक 12 बी पहुंची कोमल अब जेल में खाना बनाने, सिलाई और बुनाई का काम करती है। हालांकि अब उन्हें पछतावा हो रहा है। काउंसलिंग सेशन में उसने कई बार स्वीकार किया कि उसे अपने किए पर बहुत दुख है।
गोली मरवाकर हत्या करने वाली अंजलि का पश्चाताप
अगवानपुर की अंजलि ने अपने प्रेमी अजय के साथ मिलकर अपने पति राहुल की गोली मरवाकर हत्या करवा दी थी। नवंबर 2025 से बैरक 12 बी में बंद अंजलि तीन बच्चों की मां है। वह जेल में सफाई, झाड़ू-पोछा और कपड़े सिलने का काम करती है। साथ ही खाली समय में वह रामायण सुनती है और पढ़ना सीख रही है।
सांप का झूठा नाटक रचने वाली रविता
अकबरपुर सादात की रविता ने अप्रैल 2025 में प्रेमी अमरदीप के साथ पति अमित की गला दबाकर हत्या कर थी और मामला छिपाने के लिए उसने शव पर घोड़ापछाड़ सांप छोड़कर डसने का शोर मचाया। हालांकि पोस्टमार्टम में गला घोंटने की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। रविता जेल में खाना बनाने, सफाई करने और घास छीलने का काम करती है। वह अपने किए पर पछतावा जताती रहती है।