बहुजन समाज पार्टी के सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से पहले एक बड़ा फैसला लिया है। मायावती ने पार्टी में अनुशासन तोड़ने के आरोप में पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। ज्ञात हो कि अशोक सिद्धार्थ मायावती के भतीजे और पार्टी के नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद के ससुर हैं।
मायावती ने खुद इस बात की जानकारी रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके दी। उन्होंने बताया कि इससे पहले महाराष्ट्र चुनाव के दौरान पार्टी टिकट के बंटवारे में मनमानी और नियम तोड़ने की वजह से अशोक सिद्धार्थ को निकाला गया था। हालांकि, बाद में इस शर्त पर उन्हें वापस लिया गया था कि वे ऐसी गलती दोबारा नहीं दोहराएंगे। उन्हें यूपी से दूर रखकर सिर्फ दूसरे राज्यों में पार्टी का काम संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी। मायावती ने आगे लिखा कि इसके बावजूद अशोक सिद्धार्थ ने अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई। कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से लगातार उनके खिलाफ शिकायतें आती रहीं। बार-बार चेतावनी देने के बाद भी जब उन्होंने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया, तो उन्हें सभी जिम्मेदारियों से हटा दिया गया था।
मायावती ने कहा कि इसके बाद भी उनकी यूपी की राजनीति में वापसी को लेकर जानबूझकर गलतफहमी फैलाई जा रही थी। यह सब आने वाले यूपी चुनाव के लिए चलाए जा रहे अभियान को नुकसान पहुंचाने की साजिश थी। इसलिए पार्टी के हित में अशोक सिद्धार्थ को तुरंत प्रभाव से बाहर कर दिया गया है। मायावती ने साफ कर दिया है कि अब उन्हें आगे कभी भी पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा।