राज्यसभा चुनाव: यूपी में बीजेपी के आठ प्रत्याशियों ने किया नामांकन, योगी ने दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश में मंगलवार का दिन राजनीति के लिहाज से काफी गरम रहा। बीजेपी की तरफ से राज्यसभा चुनाव के लिए तय किए गए आठ प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मंगलवार का दिन राजनीति के लिहाज से काफी गरम रहा। बीजेपी की तरफ से राज्यसभा चुनाव के लिए तय किए गए आठ प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन था। नामांकन करने वालों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार विधान भवन पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं। 

इससे पहले उम्मीदवारों के बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के बीच उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी नेता विधान भवन के लिए रवाना हुए। जोश से भरपूर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर और इनके समर्थन में नारे लगाकर पूरा माहौल बना दिया। यहां से सभी उम्मीदवार पार्टी के नेताओं व समर्थकों के साथ विधान भवन पहुंचे और राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 

ज्ञात हो कि चुनाव आयोग द्वारा तय की गयी गाइडलाइन के अनुसार प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया गत 29 सितंबर से शुरू हुई थी। नामांकन की अंतिम तारीख छह अक्टूबर थी। दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को की जाएगी। नौ अक्तूबर तक उम्मीदवार अपने नाम को वापस ले सकेंगे। नामांकन वापसी की तारीख के बाद चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों की तस्वीर और साफ हो सकती है। 16 अक्तूबर को प्रदेश से रिक्त हुई राज्यसभा की दस सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसी दिन चुनाव परिणाम भी सामने आने की संभावना है।

बता दें कि इससे पहले राज्य की प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी की तरफ से रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवाणी अपना नामांकन पहले ही दाखिल कर चुके हैं। सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने स्पष्ट कर दिया था कि उनकी पार्टी की तरफ से तीसरा उम्मीदवार चुनावी मैदान में नहीं होगा। सपा की तरफ से दो जबकि बीजेपी ने आठ प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।