लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा चुनाव से पहले एक्शन मोड में दिखाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश में 20 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों का तबादला आज यानी सात अक्टूबर को किया गया है। जिसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया है। इस तबादले के तहत लखनऊ समेत कई अन्य जिलों और महत्वपूर्ण जोन में अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किए गए हैं।
बस्ती के SP यशवीर सिंह का तबादला जौनपुर कर दिया गया है
आदेश के अनुसार, बस्ती के पुलिस अधीक्षक (SP) यशवीर सिंह का तबादला जौनपुर कर दिया गया है, जबकि उनकी जगह बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह को बस्ती का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पीएसी मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है। वहीं गाजीपुर के एसपी ईराज राजा को बलिया का नया एसपी बनाया गया है और जालौन के एसपी विनय कुमार सिंह को गाजीपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
मऊ, बाराबंकी, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़, आजमगढ़ व बरेली समेत कई जिलों के पुलिस कप्तानों में भी बदलाव
वहीं आदेश में मऊ, बाराबंकी, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़, आजमगढ़ और बरेली समेत कई जिलों के पुलिस कप्तानों में भी बदलाव किया गया है। मऊ के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में सर्वेश कुमार मिश्रा, गाजीपुर के बाद जालौन से आए विनय कुमार सिंह, जबकि मुजफ्फरनगर में सूरज कुमार राय को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों में भी बदलाव हुआ है
जबकि वरिष्ठ अधिकारियों में भी बदलाव हुआ है। ए सतीश गणेश को अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, यूपी लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। भगवान एस श्रीवास्तव को तकनीकी सेवाओं के साथ अपराध विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा आलोक राज नारायण को हरदोई से मथुरा, पूर्णेंदु सिंह को डीजीपी मुख्यालय से बागपत, मधुवन कुमार सिंह को आजमगढ़ से हापुड़ और सुरेश चंद्र रावत को मथुरा से जालौन भेजा गया है।