इंदौर : सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप मुकाबले में सोमवार को बिहार क्रिकेट टीम ने शानदार वापसी करते हुए सूरज कश्यप की कप्तानी में रेलवे को चार विकेट से पराजित किया। यह मुकाबला इंदौर के द डेली कॉलेज मैदान पर खेला गया।
रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए
इस मुकाबले में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। बल्लेबाजी में जयंत लखलान ने 47 रन, ज़ुबेर अली 26 और रवि सिंह ने 21 रन बनाया। बिहार की गेन्दबाजी में सूरज कश्यप चार ओवर 29 रन तीन विकेट, प्रशांत सिंह चार ओवर 28 रन तीन विकेट और एमडी इज़हार को दो और रघुवेंद्र को एक विकेट मिला।
जवाब में बिहार की टीम ने 18.2 ओवर में 6 विकेट खोकर 141 रन बनाते हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया
जवाब में बिहार की टीम ने 18.2 ओवर में छह विकेट खोकर 141 रन बनाते हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और टूर्नामेंट में अपनी जीत का खाता खोल कर दमदार वापसी की। बिहार ने 10 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया। बिहार की बल्लेबाजी में आयुष लोहारूका ने अर्द्धशतकीय पारी खेली। लोहारूका ने 29 गेंद में चार चौके पांच छक्के लगाकर 58 रन बनाया। तरुण ने 20 रन, अल्तामिश 15 रन, रघुवेंद्र 18 और सूरज ने नाबाद 13 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। रेलवे की गेंदबाजी में एमडी सैफ को दो विकेट और ज़ुबैर, मोहित, प्राध्यायूमन और तौफ़ीक़ को एक-एक विकेट मिला।
वैभव के इंडिया A टीम के साथ ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भाग लेने के लिए रवाना होने के बाद पूर्व उपकप्तान सूरज को टीम की कमान सौंपी गई
वैभव सूर्यवंशी के इंडिया A टीम के साथ ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भाग लेने के लिए रवाना होने के बाद पूर्व उपकप्तान सूरज कश्यप को टीम की कमान सौंपी गई। सूरज ने कप्तान के रूप में अपने पहले ही मुकाबले में बिहार को जीत दिलाकर प्रभावी शुरुआत की है। रेलवे के खिलाफ उन्होंने गेंदबाजी में 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और बल्ले से भी नाबाद 13 रनों की पारी खेल कर टीम को जीत दिलाई, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने टीम की इस जीत पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी है
वहीं, युवा खिलाड़ी तरुण कुमार ने इस मुकाबले से बिहार की सीनियर टीम के लिए T20 प्रारूप में पदार्पण किया। उन्होंने 18 गेंदों पर 20 रनों की उपयोगी पारी खेली, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल रहा। इस जीत के साथ बिहार की टीम ने पिछले मुकाबले में सौराष्ट्र के खिलाफ मिली हार से उबरते हुए प्रभावी वापसी की। टीम के खिलाड़ियों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए संयम और सामूहिक प्रयास का परिचय दिया। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने टीम की इस जीत पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी है। एसोसिएशन को उम्मीद है कि टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ प्रदर्शन जारी रखेगी।