3 बार प्रपोज और सीक्रेट लव..गर्लफ्रेंड ने पूछा-क्रिकेट तो ठीक है, पर जॉब क्या करोगे, क्रिकेटर तो रह गया हैरान

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने क्रिकेट जगत में आज एक अच्छा खासा मुकाम हासिल कर लिया है। वहीं भुवनेश्वर कुमार की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। जब इंटरव्यू में गर्लफ्रेंड ने पूछा-क्रिकेट तो ठीक है, पर जॉब क्या करोगे...

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 01, 2026, 4:43:00 PM

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने क्रिकेट जगत में आज एक अच्छा खासा मुकाम हासिल कर लिया है। आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए उन्होंने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं दूसरी ओर निजी जिंदगी की बात करें तो भुवनेश्वर कुमार की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। 'बचपन का प्यार' जीवनसाथी तक के सफर तक पहुंच गया।

भुवनेश्वर कुमार और उनकी पत्नी नुपुर नागर बचपन से ही एक दूसरे को जानते हैं। भुवनेश्वर ने शो में बताया है कि हम एक-दूसरे को तब से जानते हैं जब हम 12-13 साल के थे। हम एक-दूसरे के बगल वाले घर में रहते थे। यह ऐसा था कि अगर मैं अपने घर से पत्थर फेंक दूं, तो वह उनके घर में जाकर गिरेगा। साथ खेलते-खेलते कब दोनों जवान हुए और एक-दूसरे के प्यार में गिरफ्तार हो गए, उन्हें खुद पता नहीं चला।

भुवनेश्वर कुमार और नुपुर की लव स्टोरी का एक दिलचस्प किस्सा भी है। जब  भुवनेश्वर ने नुपुर से शादी करने का फैसला किया तो नुपुर ने अपने माता-पिता को बताने से पहले खुद भुवनेश्वर का एक ‘इंटरव्यू’ लिया। इस दौरान नुपुर ने भुवनेश्वर से पूछा था-तुम क्रिकेट खेलते हो, यह तो ठीक है, लेकिन भविष्य में जॉब क्या करोगे?’ भुवनेश्वर बताते हैं कि यह सुनकर वे सन्न रह गए थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वे नुपुर को कैसे समझाएं कि क्रिकेट ही उनका करियर है। उन्होंने बड़ी मुश्किल से नुपुर को समझाया कि वे रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं और आगे चलकर भारत के लिए खेलने का सपना देख रहे हैं। आखिरकार वह नुपुर का दिल जीतने में कामयाब रहे।

नुपुर ने एक इंटरव्यू में प्रपोज को लेकर खुलासा करते हुए कहा था कि भुवी ने उन्हें तीन बार प्रपोज किया था। पहली बार टेक्स्ट मैसेज के जरिए, दूसरी बार फोन कॉल पर और तीसरी बार आमने-सामने। उनका प्यार करीब 3-4 साल तक उनके माता-पिता की नजरों से छिपा रहा। भुवी ने माना कि शायद उनमें खुद बताने की हिम्मत नहीं थी, लेकिन सब कुछ सामने आ जाने के बाद माता-पिता ने उनके रिश्ते को स्वीकार कर लिया। बता दें कि 23 नवंबर 2017 को मेरठ में भुवनेश्वर और नुपुर  शादी के बंधन में बंधे थे।