अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लग गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि, बीसीसीआई (BCCI) ने अभी तक इस सीरीज के लिए कोहली के रिप्लेसमेंट की पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि कोहली को आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान चोट लगी थी, जिसके बाद उनके बाहर होने की आशंका जताई जा रही थी। RCB को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 156 रन का लक्ष्य हासिल करते समय विराट ने 42 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली थी। मैच के दौरान रन बनाते समय उन्हें कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसके कारण कई बार मेडिकल टीम को मैदान पर आकर उनकी मदद करनी पड़ी थी।
अब अफगानिस्तान एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलने के लिए भारत दौरे पर आया है। टेस्ट मैच 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा, जबकि तीन वनडे मुकाबले 13 जून से 20 जून के बीच खेले जाएंगे। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां उसे 14 जुलाई से 19 जुलाई के बीच तीन वनडे मैच खेलने हैं। ऐसे समय में लगी यह चोट विराट कोहली और टीम इंडिया दोनों के लिए चिंता का विषय है। टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कोहली अब केवल वनडे प्रारूप में खेल रहे हैं और इस समय शानदार फॉर्म में हैं. साल 2025 में उन्होंने वनडे क्रिकेट में 13 मैचों में 651 रन बनाए थे और भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और चार अर्धशतक निकले थे। उन्होंने यह शानदार फॉर्म 2026 में भी जारी रखी और न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 240 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था।कोहली के बाहर होने की खबर उनके करोड़ों प्रशंसकों के लिए बड़ा झटका है। फैंस चाहते हैं कि यह दिग्गज बल्लेबाज 2027 वनडे विश्व कप खेले और अपने शतकों का शतक पूरा करे। फिलहाल कोहली इस उपलब्धि से 15 शतक दूर हैं। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 30, वनडे में 54 और टी20 इंटरनेशनल में 1 शतक दर्ज है। यदि कोहली वनडे क्रिकेट में अपनी मौजूदा फॉर्म बरकरार रखते हैं, तो उनके पास सचिन तेंदुलकर के 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी करने और उसे पीछे छोड़ने का भी अवसर होगा।