पश्चिम बंगाल में 9 मई को नई सरकार का शपथग्रहण, प्रचंड जीत के बाद भाजपा ने सत्ता संभालने की तैयारी तेज की

पश्चिम बंगाल में 9 मई को नई सरकार का शपथग्रहण, प्रचंड जीत के बाद भाजपा ने सत्ता संभालने की तैयारी तेज की

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 06, 2026, 5:12:00 PM

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने जानकारी दी कि 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे शपथग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी मौके पर राज्य में नई भाजपा सरकार औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेगी।

विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल कर भाजपा ने राज्य में तृणमूल कांग्रेस के लंबे शासन का अंत किया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि सरकार बनने के बाद एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा, जिसमें पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों को सार्वजनिक किया जाएगा।

इस बीच, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने अपनी दो सीटों में से एक छोड़ने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार वह 10 दिनों के भीतर एक विधानसभा सीट खाली कर देंगे। अधिकारी ने हालिया चुनाव में नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी जीत दर्ज की है, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बड़े अंतर से हराया।

सुवेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि वे दोनों क्षेत्रों के मतदाताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं और पार्टी के निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे। उन्होंने टीएमसी शासन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए कथित हमलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सरकार गठन की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप देने के लिए भाजपा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ये दोनों नेता नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के गठन पर अंतिम निर्णय लेंगे।