पटना : बिहार विधान परिषद (MLC) सचिवालय ने विशेष एवं उर्दू अनुवादक के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। विज्ञापन संख्या 02/2025 के अंतर्गत आयोजित अंतिम परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन की तिथि निर्धारित कर दी गई है। सचिवालय की ओर से जारी आवश्यक सूचना के अनुसार, बिहार विधान परिषद सचिवालय (भर्ती एवं सेवा शर्तें) नियमावली-2018 के तहत विशेष एवं उर्दू अनुवादक के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए 26 नवंबर 2025 को आयोजित अंतिम परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है।
18 नवंबर को होगा दस्तावेज सत्यापन
सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 18 नवंबर 2026 बुधवार को बिहार विधान परिषद सचिवालय में किया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
सभी सफल अभ्यर्थियों की उपस्थिति अनिवार्य
सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि संबंधित परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया में शामिल होना अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी इस जांच प्रक्रिया में शामिल नहीं होंगे, उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन से संबंधित सूचना उनके आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर भी भेजी जाएगी।
वेबसाइट पर उपलब्ध होगी विस्तृत जानकारी
अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन से संबंधित विस्तृत जानकारी बिहार विधान परिषद की आधिकारिक वेबसाइट vidhanparishad.bihar.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं। यह सूचना बिहार विधान परिषद सचिवालय के उप सचिव नवीन कुमार मिश्र की ओर से जारी की गई है।