अवैध खनन पर सरकार सख्त, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने दिए सख्त निर्देश, अवैध खनन की जानकारी देने वाले को ₹10000 देंगे

बिहार में अबैध खनन पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। पटना जिलाधिकारी, एसएसपी और विभाग के डायरेक्टर के साथ हुई बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ट्रैक्टर और अन्य साधनों से हो रहे अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई की जाए

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 09, 2025, 3:57:00 PM

बिहार में अबैध खनन पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। पटना जिलाधिकारी, एसएसपी और विभाग के डायरेक्टर के साथ हुई बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ट्रैक्टर और अन्य साधनों से हो रहे अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई की जाए। डिप्टी सीएम और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि विभाग की पहल और नीति स्पष्ट है और अबैध खनन को बर्दास्त नहीं किया जाएगा

डिप्टी CM विजय सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि, अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सरकार जनता को भी साथ जोड़ेगी। विजय सिन्हा ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति अवैध बालू कारोबार की जानकारी देगा, उसे योद्धा मानकर सरकार की तरफ से 10,000 रुपए इनाम के तौर पर दिए जाएंगे।

विजय सिन्हा ने कहा कि, सरकार की ओर से बनाई गई खनन नीति में किसी भी तरह का बदलाव नहीं होगा। अवैध खनन-परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। विजय सिन्हा ने साफ कहा कि कई जगहों पर थाना प्रभारियों की मिलीभगत की शिकायतें मिली हैं। दोषी पाए जाने पर ऐसे लोगों पर एक्शन होगा।

चुनाव के दौरान खनन से जुड़ी कई शिकायतें सामने आई थीं। जांच के लिए एक समिति बनाई गई थी। कई जिलों में FIR भी दर्ज हुई है। हम जल्द ही इन सभी मामलों की समीक्षा करके दोषियों पर एक्शन लेंगे। जब्त बालू की नीलामी की जाएगी