राजधानी के प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट को लेकर एक तरफ बीजेपी के उम्मीदवार को लेकर अटकलों का दौर जारी है, वहीं दूसरी तरफ राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद ने भी इस सीट पर चुनावी तापमान को बढा दिया है। पार्टी ने कहा है कि इस सीट पर उनका उम्मीदवार उतरेगा और चुनाव भी जितेगा।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सोमवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। पिछले बार राजद ने यहां चुनाव लड़ा था करीब 50 हजार मत हमें प्राप्त हुए थे। इस सीट के लिए जमीन तैयार की गई है। कार्यकर्ताओं ने अपना योगदान दिया था। भले ही पिछली बार हम चुनाव हारे हैं लेकिन हमारी जमीन मजबूत हुई है। हमारे सहयोगी बांकीपुर में उस वक्त चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे लेकिन इस बार आरजेडी मजबूती से बांकीपुर विधानसभा चुनाव में उतरेगी और चुनाव भी जीतेगी।
शक्ति सिंह यादव का यह भी कहना था कि इस सीट पर उनकी पार्टी को सभी लोगों का सहयोग मिलेगा। बांकीपुर विधानसभा की जनता ने इस पर यह ठान लिया है कि राजद के प्रत्याशी को जीता देना है। इसी संकल्प के साथ हमारे लोगों ने काम करना शुरू कर दिया है। मुझे उम्मीद है कि इस बार बांकीपुर की जनता आरजेडी को अपना मतदान देगी और हमारे प्रत्याशी को विजयी भी बनाएगी।
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट हाई प्रोफाइल सीट की श्रेणी में आता है। भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नीति नवीन इस सीट से विधायक थे। राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। सीट पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है। हालांकि भारतीय जनता पार्टी की तरफ से या फिर राजद की तरफ से इस बहुचर्चित सीट पर कौन चुनावी मैदान में उतरेगा, अभी इसकी घोषणा नहीं हुई है। इस बीच राजद ने इस बयान को देकर चुनावी माहौल को गरम कर दिया है।