'पुल निर्माण में केंद्र का एक पैसा भी नहीं, फिर कितनी बार होगा उद्घाटन', पीएम के दौरे पर तेजस्वी का सरकार पर हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को बिहार दौरे से पहले राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के उद्घाटन को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है।

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को बिहार दौरे से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के उद्घाटन को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस पुल के निर्माण में केंद्र सरकार का एक पैसा भी नहीं लगा, उसका उद्घाटन करने प्रधानमंत्री क्यों आ रहे हैं? तेजस्वी ने यह भी पूछा कि एक ही पुल का कितनी बार उद्घाटन होगा।  

तेजस्वी यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री से बिहार आने से पहले आत्ममंथन करने की अपील की। उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री जी, बिहार आने से पूर्व आज आपको आईने के सामने खड़े होकर एक बार आत्म साक्षात्कार अवश्य करना चाहिए कि बिहार के जिस सेतु का रिबन काटने आ रहे हैं, उसमें उनका एक कण और फूटी कौड़ी का भी योगदान क्यों नहीं है?" 

उन्होंने आगे लिखा, "प्रधानमंत्री जी, जितने वादे और झूठ आपने बिहार को दिए, उनको आज कृपया फिर रिपीट कर दीजिएगा। कीजिएगा ना?" इस पोस्ट के साथ साझा किए गए वीडियो में तेजस्वी यादव ने दावा किया कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का निर्माण राज्य सरकार ने अपने खर्च पर और कुछ कर्ज लेकर शुरू किया था। उन्होंने भाजपा नेताओं और केंद्र सरकार से पूछा कि इस परियोजना में भारत सरकार या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पैसा भी दिया है तो उसका प्रमाण बताएं। 

तेजस्वी ने कहा कि 31 जनवरी 2016 को तत्कालीन महागठबंधन सरकार के दौरान इस पुल के निर्माण का कार्यारंभ हुआ था। उन्होंने इस संबंध में पुराने कार्यक्रम के दस्तावेज और तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि उस समय तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तत्कालीन उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव भी मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने उनके गैर-सरकारी संकल्प के जवाब में इस पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखने की बात कही थी। ऐसे में अचानक पुल का नाम नीतीश सेतु किए जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। 

तेजस्वी ने नीतीश कुमार को लेकर भाजपा के पुराने बयानों की याद दिलाते हुए कहा कि जब नीतीश कुमार उनके साथ थे, तब भाजपा उनके डीएनए पर सवाल उठाती थी और अब दिखावटी सम्मान देने की बात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नीतीश कुमार की राजनीति को खत्म कर दिया और जनता दल यूनाइटेड को विभाजित कर दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नीतीश कुमार इस पुल का उद्घाटन कर चुके हैं। इस संबंध में पथ निर्माण विभाग का विज्ञापन होने की बात कहते हुए उन्होंने सवाल किया कि आखिर एक ही पुल का कितनी बार उद्घाटन किया जाएगा? 

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को वैशाली जिले में नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे वह लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचा, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और परिवहन सहित कई क्षेत्र शामिल हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 

सोर्स-आईएएनएस