पप्पू यादव के आरोपों पर जदयू विधायक का पलटवार, बोले– कई अस्पतालों से 10 लाख महीने की रंगदारी वसूलते हैं

नीट मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव के बयानों के बाद बिहार की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। पप्पू यादव द्वारा पटना के हॉस्टल से नेताओं और विधायकों को लड़कियां सप्लाई किए जाने जैसे गंभीर आरोपों पर जदयू विधायक पप्पू वर्मा ने कड़ा पलटवार किया है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 04, 2026, 3:29:00 PM

नीट मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव के बयानों के बाद बिहार की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। पप्पू यादव द्वारा पटना के हॉस्टल से नेताओं और विधायकों को लड़कियां सप्लाई किए जाने जैसे गंभीर आरोपों पर जदयू विधायक पप्पू वर्मा ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने सांसद के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह बेबुनियाद और राजनीतिक स्टंट करार दिया।

जदयू विधायक पप्पू वर्मा ने कहा कि पप्पू यादव खुद को समाजसेवी और दानवीर के रूप में पेश करने की कोशिश करते हैं, लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू यादव अलग-अलग अस्पतालों से हर महीने मोटी रकम की वसूली करते हैं। विधायक का दावा है कि पप्पू यादव करीब 10 लाख रुपये महीने की वसूली करते हैं, जिसमें से 5 लाख रुपये बांटकर समाजसेवी होने का ढोंग करते हैं।

पप्पू वर्मा ने कहा कि अपने पूरे राजनीतिक जीवन में उन्होंने पप्पू यादव जैसा व्यक्ति नहीं देखा, जो इस तरह के हथकंडे अपनाता हो। उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू यादव जहां भी जाते हैं, वहां पहले दबाव बनाते हैं और फिर वसूली का खेल शुरू करते हैं।

जदयू विधायक ने यह भी दावा किया कि पप्पू यादव हाल ही में चार दिन तक पटना में रहे और इस दौरान उन्होंने पूरे सिस्टम को समझ लिया। उनका कहना है कि पप्पू यादव का लगभग हर बड़े अस्पताल से लेन-देन जुड़ा हुआ है। पप्पू वर्मा ने आरोप लगाया कि पूर्णिया में सबसे ज्यादा वसूली पप्पू यादव ही करते हैं और जैसे ही वहां राजनीतिक दबाव बढ़ता है, वे मधेपुरा या किसी दूसरे इलाके की ओर रुख कर लेते हैं। यह उनका पुराना इतिहास रहा है।

नीट मामले पर बोलते हुए पप्पू वर्मा ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी इस पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव बिना किसी सबूत के सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। पप्पू वर्मा ने साफ कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के लिए जो काम किए हैं, वैसा काम आज तक किसी मुख्यमंत्री ने नहीं किया।