बिहार सरकार ने खनन क्षेत्र में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। दरभंगा के खान निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर विभागीय कार्यों में गंभीर लापरवाही और अनियमितता के आरोप हैं।
बिहार के डिप्टी सीएम और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा हर जिले में आम जनता से संवाद कर रहे हैं। इसके तहत उन्होंने भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है। अगर किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उन्हें तुरंत निलंबित भी किया जाता है।
इसी कड़ी में 5 जनवरी 2026 को भागलपुर में यह संवाद आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम टाउन हॉल, भागलपुर में होगा। पहली पाली सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आम जनता से सीधा संवाद करने के लिए होगी। इस दौरान लोग दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी और अन्य ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। कुछ आवेदनों का अंचलवार चयन कर संबंधित अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मियों को आवेदक के सामने बैठाकर मौके पर ही समाधान का प्रयास किया जाएगा।
दूसरी पाली 3:30 बजे से 5 बजे तक अधिकारियों के साथ राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक होगी। इस सत्र में सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 75 दिनों से लंबित सभी दाखिल-खारिज आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए।
साथ ही महाअभियान से जुड़े सभी दस्तावेजों को स्कैन कर समीक्षा बैठक से पहले अपलोड करना अनिवार्य है। चिकित्सा और उपार्जित अवकाश को छोड़कर पूर्व में स्वीकृत सभी अवकाश इस दिन के लिए निरस्त माने जाएंगे