मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार सरकार के मंत्री और बीजेपी विधायक नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर खुशी जताई है और उन्हें इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि बिहार के रहने वाले नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे 5वीं बार विधायक निर्वाचित हुये हैं और हमारे साथ मंत्रिमंडल में ऊर्जावान सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं।
नितिन नवीन एक समर्पित और अनुशासित राजनीतिज्ञ हैं। मुझे उम्मीद है कि उनकी इस नई जिम्मेदारी से भारतीय जनता पार्टी को और मजबूती मिलेगी। ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना है। मुख्यमंत्री ने नितिन नवीन से फोन पर बात कर उन्हें अपनी बधाई एवं शुभकामनायें दी।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का ऐलान किया है। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन पार्टी के नए कार्यकारी अध्यक्ष होंगे।
जेपी नड्डा के बाद अब पार्टी की जिम्मेदारी वही संभालेंगे। 45 साल के नितिन बिहार के पहले नेता हैं, जिसे भाजपा ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। अगर वह नड्डा की जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष बने तो बिहार के पहले नेता होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी।