बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर NDA ने सीट शेयरिंग की घोषणा कर दी है। बीजेपी 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहीं जदयू 101 सीटों पर लड़ने जा रही है। जबकि चिराग पासवान की पार्टी LJP (R) 29 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। जीतन राम मांझी की हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (HAM) को 6 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM को 6 सीटें दी गई हैं।
2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 110 सीटों पर लड़ी थी, उसे 74 पर जीत मिली थी। वहीं JDU 115 सीटों पर लड़ी थी और 43 सीटों पर जीती थी।
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने अकेले मैदान में उतरकर 135 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उसे केवल एक सीट पर जीत मिली। उस समय लोजपा ने खासतौर से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के खिलाफ अपने प्रत्याशी खड़े किए थे, जबकि भाजपा के खिलाफ सीधी लड़ाई से परहेज किया था।
जून 2021 में पार्टी में बड़ी टूट हुई—पशुपति पारस ने अलग होकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) बनाई, जबकि चिराग पासवान ने लोजपा (रामविलास) का नेतृत्व संभाला। अब दोनों गुट अलग-अलग रास्ते पर हैं। चिराग की लोजपा (रामविलास) इस बार के चुनाव में एनडीए के साथ मिलकर मैदान में है, जबकि पशुपति पारस की रालोजपा महागठबंधन के साथ चुनावी रण में उतर रही है।
