मतदान प्रक्रिया लगभग पूरी, अब मतगणना पर टिकी निगाहें

मतदान प्रक्रिया लगभग पूरी, अब मतगणना पर टिकी निगाहें

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jun 18, 2026, 2:58:00 PM

झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। विधानसभा में सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान प्रक्रिया का समापन झामुमो नेता और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के वोट डालने के साथ हुआ, जबकि उनसे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपना वोट दिया। अब राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जो शाम 5 बजे शुरू होगी। चुनाव परिणाम शाम 7 बजे तक आने की संभावना है।

मतदान समाप्त होने के बाद प्रमुख उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जीत का भरोसा जताया। झामुमो के उम्मीदवार बैजनाथ राम ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि इंडिया गठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने दावा किया कि उन्हें करीब 30 मत मिलने की उम्मीद है और जीत को लेकर उन्हें पूरा विश्वास है। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्षी खेमे के दावों के बावजूद उनके पास आवश्यक समर्थन नहीं है।

दूसरी ओर, भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने भी अपनी सफलता को लेकर भरोसा व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सभी विधायकों के सहयोग पर विश्वास है और यदि वे निर्वाचित होते हैं तो राज्य के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। कांग्रेस विधायकों के संभावित समर्थन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें व्यापक समर्थन मिलने का भरोसा है।

भाजपा के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह ने मतदान के बाद कहा कि पार्टी अपने प्रदर्शन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। उन्होंने कहा कि उनकी जीत का विश्वास बेहद मजबूत है और परिणाम आने पर यह स्पष्ट हो जाएगा। वहीं पूर्व मंत्री भानुप्रताप शाही ने दावा किया कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी को कम से कम 36 वोट मिलने की संभावना है। उन्होंने इसे झारखंड के विकास से जुड़ा फैसला बताते हुए अपनी जीत का विश्वास दोहराया।

अब चुनावी प्रक्रिया का अगला और सबसे महत्वपूर्ण चरण मतगणना है, जिसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर किसके दावे सही साबित होते हैं।