पटना: कभी केंद्र में एनडीए की सहयोगी दल रही राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने बडा और अहम फैसला लिया है। समस्तीपुर से सांसद रहे प्रिंस पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। नयी दिल्ली में पार्टी की कार्यकारिणी में इस फैसले पर सहमति बनी और प्रिंस पासवान को अध्यक्ष बनाने का एलान किया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस पार्टी के संरक्षक होंगे। इसके अलावा पार्टी के नेता यश राज को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गयी है। कार्यक्रम का आयोजन नयी दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में किया गया था।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि बड़ा फैसला लेते हुए पार्टी की कमान युवाओं के हाथ में सौंप दी है. पार्टी की कार्यकारिणी में युवा नेता और पूर्व सांसद प्रिंस पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का ऐलान किया गया वहीं जबकि यश राज को पार्टी के राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस अब पार्टी के संरक्षक होंगे। पशुपति इससे पहले पार्टी के अध्यक्ष थे
पार्टी द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार शुक्रवार को राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई थी। जिसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने की। इस बैठक में पशुपति के दोनों बेटे प्रिंस राज और यश राज भी बैठक में उपस्थित रहे। इस बैठक में पूर्व सांसद और पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह ऑनलाइन तरीके से शामिल हुए। संजय सर्राफ ने बताया कि इस अहम बैठक में संगठन के विस्तार, पार्टी को बूथ लेवल तक मजबूत करने, पार्टी से लोगों को जोडने के लिए नये प्रारूप में सदस्यता अभियान को शुरु करने से लेकर देश और राज्य के चुनावी कार्यक्रमों पर चर्चा की गयी।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने के बाद प्रिंस पासवान ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता पार्टी है। पहले पार्टी संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में हमारा संगठन मौजूद है। हम सभी मिलकर तैयारी करेंगे और चुनाव लड़ने की रणनीति बनाएंगे। ज्ञात हो कि इसी साल 9 मार्च को प्रिंस पासवान को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। तब इसकी घोषणा पटना में की गयी थी। ज्ञात हो कि वर्तमान में केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास के प्रमुख चिराग पासवान और प्रिंस पासवान, यश राज चचेरे भाई हैं। 2021 में दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के छोटे भाई पशुपति पारस लोजपा से अलग हो गये थे और इसी साल अक्तूबर में रालोजपा नाम से अपनी पार्टी का एलान किया था।