बिहार के लखीसराय में प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार की सुबह भगदड़ मच गई। इस हादसे में अभी तक कम से कम सात लोगों के मरने की खबर है। जबकि बड़ी संख्या में घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दुख जताया है और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उचित सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर एनडीए सरकार पर हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह हादसा एनडीए सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था का परिचायक है।
तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा है-सावन के तीसरे सोमवार पर बिहार के लखीसराय जिले के अशोक धाम (इंद्र दमनेश्वर महादेव मंदिर) में जलाभिषेक के दौरान बिजली का तार गिरने से फैले करंट, मची अफरा तफरी और भगदड़ से हुए दुखद हादसे में अनेक श्रद्धालुओं के घायल होने व 7 की असामयिक मृत्यु के समाचार से मर्माहत हूँ।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उचित सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन नहीं होना एनडीए सरकार की प्रशासनिक कुव्यवस्था का परिचायक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं तथा मृतकों को श्रद्धांजलि! सरकार मृतकों के परिजनों को मुआवजा राशि एवं घायलों के त्वरित इलाज की व्यवस्था करें। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
वहीं लखीसराय के अशोक धाम में मची भगदड़ पर स्थानीय विधायक और बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वे खुद घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। विजय कुमार सिन्हा ने कहा-यह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं भी वहां जा रहा हूं। यह घटना मंदिर परिसर के बाहर एक खंभे और बिजली के तारों के गिरने के बाद हुई। लोगों ने अफवाह फैला दी कि बिजली का करंट फैल गया है, जिससे भगदड़ मच गई। हमने जिला मजिस्ट्रेट और मंदिर प्रशासन से बात की है और हम हालात का जायजा लेने वहां जा रहे हैं। घटना की जांच की जाएगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। मैंने मुख्यमंत्री से भी बात की है और निर्देश दिया है कि मेडिकल इंतज़ामों को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाए।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने लखीसराय अशोक धाम भगदड़ की घटना पर कहा-लखीसराय के अशोक धाम में सावन महीने के तीसरे सोमवार के दिन अचानक काफी भीड़ बढ़ गई। एक अफवाह फैली की बिजली का तार गिर गया है करंट आ गया है, जिसके कारण भगदड़ मची और उसमें कई लोगों की मृत्यु हो गई मैं मृतकों के परिवार जनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी लखीसराय में भगदड़ के दौरान श्रद्धालुओं की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा-मर्माहत हूं। ॐ शांति। श्रावण सोमवार के अवसर पर आज सुबह लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की सूचना से मन व्यथित है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "हम सभी की संवेदनाएं शोकाकुल परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर से उन्हें यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करने और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं।
लखीसराय में प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में भगदड़ पर लखीसराय डीएम ने बताया कि घटना अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले मार्ग पर हुई। सोमवार की सुबह साढ़े छह और सात बजे के बीच भीड़ अचानक बढ़ गई थी। श्रद्धालुओं की लाइन अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। हॉल्ट पर दो ट्रेनें रुकी हुई थीं। अचानक वहां बिजली का एक खंभा गिर गया। इसी दौरान भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके की ओर रवाना हुए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।